झारखंड के हजारीबाग में हुए रूपेश पांडे हत्याकांड में हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को मृतक की मां की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने जांच के आदेश जारी किए हैं।
इसी साल फरवरी में हजारीबाग में एक विसर्जन जुलूस में रूपेश पांडे की हत्या कर दी गई थी। मृतक रुपेश की मां ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया था कि पुलिस इस मामले में सही तरीके से जांच नहीं कर रही है। उनका कहना था कि पुलिस इस मामले में आरोपियों को बचाने में जुटी हुई है।
पीट-पीटकर की गई थी हत्या
गौरतलब है कि हजारीबाग जिले के 17 वर्षीय रूपेश कुमार पांडे की 6 फरवरी को बरही में देवी सरस्वती की मूर्ति के विसर्जन जुलूस के दौरान हुई झड़प में हत्या कर दी गई थी। जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया था। रुपेश की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद राज्य के कई जिलों में भारी प्रदर्शन हुआ था। इसके चलते चार जिलों में इंटरनेट बंद कर दिया गया था। हाईकोर्ट का यह आदेश राज्य सरकार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।