झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार को जिला पुलिस-केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन ‘तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमिटी (टीएसपीसी) के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ मनातू थानाक्षेत्र के मिटार पिकेट के समीप बिसराव जंगल में हुई।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, दोनों ओर से गोलियां चलने के बाद पुलिस सीआरपीएफ को भारी पड़ता देख उग्रवादी जंगल में भाग निकले। पुलिस ने एक एयर गन समेत कंबल, मोबाइल, टेंट के सामान सहित अन्य चीजें बरामद की हैं। मुठभेड़ में टीएसपीसी के शीर्ष कमांडर शशिकांत का दस्ता शामिल था।
जिले के पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि मुठभेड़ 15 से 20 मिनट तक चली। उसके बाद उग्रवादी मौके से भाग खड़े हुए। मुठभेड़ में जिला पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ 134 बटालियन शामिल थी। पुलिस-सीआरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि इस इलाके में टीएसपीसी के शीर्ष कमांडर शशिकांत का दस्ता देखा गया है। इसके बाद पुलिस उस इलाके में तलाशी अभियान चला रही थी, तभी पुलिस को देख उग्रवादियों ने गोलबारी शुरू कर दी।