भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ झारखंड में बोकारो की एक अदालत ने विवादास्पद बयान देने के आरोप में आज गैर जमानती वारंट जारी किया है।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक जीतेन्द कुमार सिंह के मुताबिक बोकारो के सब डिविजनल ज्यूडिसियल मजिस्ट्रेट ने गिरिराज सिंह के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट जारी किया है।
यहां के हरला थाना पुलिस ने चास के अंचल अधिकारी के लिखित बयान के आधार पर गिरिराज सिंह के खिलाफ चुनाव आचार संहिता का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार गिरिराज सिंह ने 18 अप्रैल को यहां के वैशाली मोड़ में भाजपा के एक चुनावी सभा में विवादास्पद बयान दिया था। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद बेरमो के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया है जो शीघ्र ही गिरिराज सिंह को गिरफ्तार कर लेगी।
क्या कहा था अपने बयान में?
गिरिराज सिंह ने अपने एक बयान में मोदी को समर्थन देते हुए कहा था कि जो भी कोई मोदी का साथ नहीं देगा उसे पाकिस्तान में अपने लिए जगह खोज लेनी चाहिए।
शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने भारतीय जनता पार्टी के नेता गिरिराज सिंह के बिहार और झारखंड में उनकी सभाओं, बैठकों और रोड शो पर रोक लगा दी थी।
चुनाव आयोग ने कहा था कि चुनावों के दौरान शांति बनाए रखने के लिए ज़रुरी है कि गिरिराज सिंह के खिलाफ दायर "एफ़आईआर पर तेज़ी से जांच की जाए और उन्हें किसी तार्किक नतीजे तक पहुंचाया जाए।"
चुनाव आयोग ने अपनी नोटिस में कहा था कि, "आयोग ने पाया है कि भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने 18 अप्रैल को झारखंड के बोकारो और देवघर में चुनाव प्रचार के दौरान बेहद उत्तेजक भाषण दिया।"
आयोग ने आगे कहा, "ये बयान शत्रुता, घृणा और दुर्भावना को बढ़ावा देते हैं और विभिन्न समुदायों के बीच असंगति पैदा की है।"
गिरिराज सिंह ने किए आरोप खारिज
चुनाव आयोग की नोटिस के बारे में गिरिराज सिंह ने कहा है कि उन पर लगे आरोप निराधार हैं और उन पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाना चाहिए।
गिरिराज सिंह ने कहा था कि मैं चुनाव आयोग से निवेदन करूंगा कि मुझ पर निराधार आरोप लगे हैं, आप (चुनाव आयोग) फिर से विचार करें और लोगों के बीच जाने की मुझे अनुमति दें।
विवादित भाषणों पर माफी मांगने को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में गिरिराज सिंह ने कहा कि अब वो अपना पक्ष न्यायालय में ही रखेंगे। उन्होंने कहा मैं अदालत में अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब दूंगा।