झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि यदि उनके नाम का इस्तेमाल कर कोई पैसा मांगे तो उस व्यक्ति को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी उनके नाम पर किसी का काम करा देने की भी बात कहे तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को झारखंड के भालुबासा में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों, प्रभारियों और कोर कमेटी के सदस्यों की एक बैठक में सीएम ने यह बात कही।
उन्होंने मंडल अध्यक्षों, प्रभारियों और कोर कमेटी के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य का मुख्यमंत्री बनने के बाद कई लोग अपने फायदे के लिए उनके नाम का गलत तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने चेताया कि अगर कोई उनके नाम के साथ ही रिश्तेदार बनकर अगर काम करवाने की बात करे तो ऐसे शख्स पर सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कहा कि अगर कोई पुलिस या थानेदार उनकी बात नहीं सुनता है किसी भी विभाग में कोई अधिकारी भ्रष्टाचार कर रहा है तो इसकी शिकायत करें और अमुख व्यक्ति के खिलाफ सबूत दें। शिकायत के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की जाएगी।