झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) के प्रमुख बाबू लाल मरांडी ने रविवार को विपक्ष के साथ किए गए गठबंधन को तोड़ते हुए यह एलान किया है कि वे झारखंड विधानसभा चुनाव अकेले ही लड़ेंगे। इस चुनाव में वे किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। गौरतलब है कि साल 2019 में हुए लोकसभा के चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राष्ट्रीय जनता दल ने जेवीएम के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ा था।
मरांडी ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 81 विधानसभा सीटों पर अपने अपने दम पर ही चुनाव लड़ेंगी। बाबूलाल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान हुआ महागठबंधन किसी कारणवश आगे नहीं बढ़ सके। इस कारण हमने राज्य में अकेले ही चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
इसके साथ ही मरांडी ने बताया कि लोकसभा चुनाव के बाद मैंने कई विपक्षी पार्टियों से गठबंधन करने पर बातचीत की, लेकिन उन्होंने मेरी बात पर कोई भी दिलचस्पी नहीं दिखाई। वही अब किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन करने का समय नहीं रहा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों का चयन करने से पहले सभी विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं से चर्चा की जाएगी। यह चर्चा पांच और छह नवंबर को बुलाई गई बैठक के दौरान होगी। इस बैठक में सभी की रायशुमारी ली जाएगी।
गौरतलब है कि झारखंड में विधानसभा चुनाव 30 नवंबर से शुरू होंगे जो 20 दिसंबर तक चलेंगे। चुनाव पांच चरणों में होंगे जिसके नतीजे 23 दिसंबर को आएगा।