Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए सीपीआई(एम) से पहले झामुमो और भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। भाजपा ने पूर्व झामुमो नेता चंपई सोरेन को सरायकेला से उम्मीदवार बनाया गया है।
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए सीपीआई(एम) ने नौ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की। जामताड़ा से सीपीआई(एम) ने लखन लाल मंडल को टिकट दिया है। चतरा से पुन भुइयो और तामार से सुरेश मुंडा को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं बहरागोड़ा से सपन महतो को मौका दिया गया।
विज्ञापन
यहां देखें पूरी लिस्ट
झामुमो ने जारी की तीसरी सूची
बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने विधानसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की थी। झामुमो ने बिशुनपुर और चक्रधरपुर सीट से मौजूदा विधायक चमरा लिंडा और सुखराम ओरांव को मैदान में उतारा है। चमरा लिंडा ने 2024 में हुए लोकसभा चुनावों में झामुमो से बगावत कर लोहरदगा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। वे महागठबंधन के विरोध में थे। हालांकि उन्हें तब हार मिली थी। चमरा लिंडा और सुखराम ओरांव के अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने गोमिया से योगेंद्र प्रसाद, खूंटी (एसटी) से स्नेहलता कंडुलना और सिसई (एसटी) सीट से जिगा सुसारन होरो को मैदान में उतारा है। इससे पहले, झामुमो ने 35 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। पहली सूची में बरहेट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय से कल्पना सोरेन के नाम का एलान किया गया था। वहीं, दूसरी सूची में रांची से महुआ माजी की उम्मीदवारी का एलान किया गया था। झामुमो ने कुल 41 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है।
भाजपा ने इन नेताओं को दिया टिकट
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने भी उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर चुकी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को धनवार से, जबकि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी को चंदनकियारी सुरक्षित सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। झारखंड के पूर्व सीएम और पूर्व जेएमएम नेता (अब भाजपा में) चंपई सोरेन को सरायकेला से उम्मीदवार बनाया गया है। उनके बेटे बाबूलाल सोरेन को घाटशिला सुरक्षित सीट से मौका दिया गया। भाजपा ने पूर्व जेएमएम नेता (अब भाजपा में) लोबिन हेम्ब्रम को बोरियो विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है। बोकारो विधानसभा सीट से बिरंची नारायण को टिकट मिला। बता दें कि झारखंड में 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी।