रीता की मौत को परिजनों ने बताया हत्या
- फोटो : फाइल फोटो
जमशेदपुर शहर के सोनारी इलाके में शादी के महज 16 दिन बाद एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने से सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान रीता महतो के रूप में हुई है, जिसकी 29 अप्रैल को शादी हुई थी और 16 मई को उसका शव फंदे से लटका मिला। इस घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे समाज को झकझोर दिया है। एक ओर जहां ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है।
यह भी पढ़ें- Jharkhand Cabinet Meeting: झारखंड कैबिनेट की बैठक हुई समाप्त, उत्पाद नीति समेत कई प्रस्ताव हुए पास
‘फेयरवेल पार्टी और स्विमिंग पूल की तस्वीरों के बाद बदला बर्ताव’
रीता के पति चंदन महतो का कहना है कि घटना वाले दिन रीता ने कहा था कि वह एक फेयरवेल पार्टी में जा रही है। लेकिन बाद में उसके मोबाइल में स्विमिंग पूल की तस्वीरें देखे जाने के बाद वह नाराज हो गया और उसने यह बात रीता के पिता को भी बता दी थी। पति के अनुसार, इसके कुछ ही घंटे बाद रीता ने खुदकुशी कर ली। चंदन का यह भी कहना है कि उन्हें इस तरह के किसी कदम की उम्मीद नहीं थी और वह खुद सदमे में हैं।
‘दहेज में बाइक की मांग को लेकर हो रही थी प्रताड़ना’
दूसरी ओर, रीता के भाई शंभू महतो ने पूरे मामले में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शादी के तुरंत बाद से ही दहेज में बाइक की मांग शुरू हो गई थी। रीता को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, साफ-साफ हत्या है। शंभू के अनुसार, शादी पारिवारिक सहमति से हुई थी और दोनों हनीमून के लिए दार्जिलिंग भी गए थे। लेकिन 14 मई को जब रीता मायके से लौटी, तो दो दिन बाद ही उसकी मौत की खबर आ गई।
यह भी पढ़ें- Jharkhand News: वज्रपात की चपेट में आए चार जवान, सीआरपीएफ अधिकारी की मौत
कमरे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मौके से शव बरामद कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों पर स्पष्टता आएगी। पुलिस का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी तक ससुराल पक्ष ने हत्या के आरोपों को खारिज किया है, लेकिन पुलिस सभी आरोप-प्रत्यारोपों की कड़ाई से छानबीन कर रही है।