रक्तदान को जीवन बचाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है। इसी उद्देश्य से रांची में जैनेन्द्र ज्योति मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से रविवार को खेलगांव सोसाइटी, सेक्टर-1, ब्लॉक-13 में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सदर अस्पताल की स्वास्थ्य टीम मौजूद रही। स्वास्थ्य कर्मियों ने रक्तदान करने पहुंचे लोगों की आवश्यक जांच की और निर्धारित प्रक्रिया के तहत रक्त संग्रह किया। रक्तदान करने वाले लोगों को सदर अस्पताल की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सक्रिय नवनीत प्रभास ने बताया कि जैनेन्द्र ज्योति मेमोरियल फाउंडेशन पिछले छह वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर का आयोजन करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी खेलगांव सोसाइटी में रक्तदान शिविर लगाया गया था, जिसमें करीब 25 लोगों ने रक्तदान किया था। इस वर्ष भी लोगों में रक्तदान को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला और पिछले वर्ष की तुलना में अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
पटना में 22 सितंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा
पटना में 22 सितंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य के मंत्री निशांत कुमार, रामकृपाल यादव, प्रमोद चंद्रवंशी और एमएलसी अरविंद शर्मा भी लोगों को संबोधित करेंगे।