शपथ ग्रहण समारोह में नहीं शामिल हुए कई बड़े नाम
कई वरिष्ठ नेताओं ने इस कार्यक्रम से किनारा कर लिया। विपक्षी एकजुटता का बड़ा केन्द्र बनाने के प्रयास में जुटी कांग्रेस और झामुमो को उस समय बड़ा झटका लगा जब समारोह में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, प्रियंका गांधी वाड्रा, पी चिदंबरम, सपा के अखिलेश यादव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और बसपा सुप्रीमो मायावती जैसे दिग्गज नेता रविवार को शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हुए।
बता दें कि झामुमो ने कांग्रेस पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ा और 81 सदस्यीय सदन में 47 सीटों के साथ सहज बहुमत हासिल किया। झामुमो ने प्रदेश में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में 30 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस और राजद ने क्रमश: 16 और एक सीट हासिल की। इसके अलावा हेमंत सरकार को झारखंड विकास मोर्चा का भी समर्थन हासिल है। झाविमों के तीन विधायक हैं। यानि हेमंत सोरेन सरकार को 50 विधायकों का समर्थन हासिल है।