झारखंड के दुमका जिले में जिंदा जलाई गई मारुति कुमारी के नाना का आरोपी पर गुस्सा फूटा है। उन्होंने गुनहगार को फांसी देने की मांग की। आरोपी राजेश राउत ने 19 साल की मारुति कुमारी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी जिसकी रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
मारुति बचपन से ही अपने नाना-नानी के साथ रहती थी। पीड़िता के 65 वर्षीय नाना किशन राउत ने कहा कि हमने अपनी बच्ची को खो दिया है। अब हमें कुछ नहीं चाहिए। हमारी एकमात्र मांग है कि अपराधी को फांसी दी जानी चाहिए। वहीं मारुति की मौसी सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि वे बेटी को मारने वाले आरोपी की दर्दनाक मौत चाहते हैं।
नाना बताया पढ़ने में होशियार थी मारुति
नाना ने कहा कि वह पढ़ने में काफी होशियार थी, बचपने से ही उनके साथ रहती थी। उसे पढ़ने के लिए दुमका के एसपी कॉलेज में दाखिला दिलवाया था। साथ ही घटना का जिक्र करते हुए कहा कि शुक्रवार की रात आरोपी ने दरवाजा खटखटाया, जब मारुति ने दरवाजा खोला तो उसे बाहर खींचने की कोशिश की, इसके बाद आरोपी ने उसके ऊपर पेट्रोल डाल दिया। उन्होंने कहा कि हमने अपना बच्चा खो दिया है। किसी को भी उसके जैसा भाग्य नहीं मिलना चाहिए।
गांवावालों की मांग आरोपी को फांसी हो
भालकी गांव की पंचायत समिति सदस्य शारदा देवी ने मांग की कि आरोपी व्यक्ति को फांसी दी जानी चाहिए। वहीं घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। भालकी में करीब 50 घर हैं। घटना पर दुख प्रकट करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पीड़ित के परिजनों को 10 लाख रुपये की देने की घोषणा की थी।
लड़की से खफा होकर दिया वारदात को अंजाम
युवती भालकी गांव में मामा के घर में रहकर स्नातक की तैयारी कर रही थी। 2021 में उसकी मुलाकात आरोपी राजेश से हुई थी। इसके बाद वह उससे दूसरी शादी करना चाहता था। युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए, इससे खफा होकर उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।