झारखंड में सरकार और पुलिस की लाख कोशिशों के बाद भी अपराध और अपराधियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। शनिवार को भी राज्य के विभिन्न इलाकों में कई आपराधिक घटनाएं सामने आईं हैं। इसके अलावा आत्महत्या के मामले भी सामने आए हैं। आत्महत्या का ताजा मामला, झारखंड के लातेहार में सामने आया। जहां एक सीएरपीएफ के जवान ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली।
झारखंड के लातेहार में सीआरपीएफ के जवान ने खुद को गोली मारी
झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार सुबह सीआरपीएफ के एक जवान ने आत्महत्या कर ली। उसने अपनी सर्विस राइफल से कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। मृतक का नाम मेराजुद्दीन मापनो था, जो सीआरपीएफ की 218 बटालियन में तैनात था। लातेहार के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा का रहने वाला था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मापनो ने पारिवारिक समस्याओं के कारण अपनी जान ली। घटना बंसकरचा पिकेट पर हुई जहां मापनो संतरी ड्यूटी पर थे।
बंगाल में मवेशियों की तस्करी की कोशिश को किया फेल
वहीं, राज्य में धनबाद पुलिस ने शनिवार को पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से लगी झारखंड की सीमा पर मवेशियों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। धनबाद पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ गायों को गया से पश्चिम बंगाल तक टोल प्लाजा के माध्यम से तस्करी कर लाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग 2 खंड पर एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इसी अभियान के क्रम में मैथन टोल प्लाजा पर एक वाहन से तीन गायों को बचाया गया। इतना ही नहीं, दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
मैथन ओपी प्रभारी बालाजी राजहंस ने बताया कि मवेशियों की तस्करी बिहार के गया जिले से पश्चिम बंगाल में की जा रही थी। एक एसयूवी में चार गायों को ले जाया जा रहा था, इनमें से एक गाय वाहन में मृत पाई गई। पुलिस ने वाहन चालक गैसुल अंसारी और अरमान अंसारी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और दोनों से पशु तस्करी व सिंडिकेट के मास्टरमाइंड के बारे में पूछताछ की जा रही है।
डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर सो रहे युवक के चेहरे और पैर पर बदमाशों ने डाला तेजाब
वहीं, एक मामला डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन से सामने आया है। यहां पूछताछ काउंटर के पास सो रहे एक व्यक्ति के चेहरे और पैर पर अज्ञात बदमाशों ने तेजाब डाल दिया। डाल्टनगंज राजकीय रेलवे पुलिस के प्रभारी अधिकारी प्रेम प्रकाश प्रसाद ने इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुनील कुमार यादव शुक्रवार की रात जब पूछताछ काउंटर के पास सो रहे थे, जब उनके चेहरे और पैर पर कुछ तेजाब डाला गया था।
उन्होंने आगे कहा कि चूंकि घटना वाली जगह सीसीटीवी कैमरों के दायरे से बाहर थी, इसलिए हमने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।