राज्यपाल डॉ. सैयद अहमद अब राज्य में विकास कार्यों का जायजा लेने खुद निकलेंगे। राज्यपाल 26 जनवरी के बाद योजना स्थलों का निरीक्षण करेंगे।
जानकारी के अनुसार राज्यपाल विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत देखना चाहते हैं। उन्होंने अपने सलाहाकारों से भी योजनाओं का जायजा लेते हुये योजना स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिये हैं।
इसी संबंध में राज्यपाल के सलाहकार मधुकर गुप्ता और के विजय कुमार ने ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश के साथ शुक्रवार को होनेवाली बैठक के मद्देनजर तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही वीरवार को उन्होंने ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों से अब तक हुये कार्यों की जानकारी मांगी।
उन्होंने आइएपी, पीएमजीएसवाइ, मनरेगा, ग्रामीण पेयजल, इंदिरा आवास सहित अन्य योजनाओं का हाल जाना। शाम को राज्यपाल डॉ. सैयद अहमद ने इन मामलों को लेकर बैठक की। बैठक में ग्रामीण विकास की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी। अधिकारियों ने उन्हें रिपोर्ट दे दी है।