रेणु पणिकर ने कहा, मैं जद (यू) में इसलिए शामिल हुई हूं, क्योंकि यह मेरी मूल विचारधारा से जुड़ी पार्टी है। मैं झारखंड के युवाओं के लिए काम करना चाहती हूं और यह पार्टी मुझे वह मौका देगी।
झारक्राफ्ट की पूर्व सीईओ रेणु गोपीनाथ पणिकर सोमवार को जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हो गईं। पार्टी के राज्य अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद खिरू महतो की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। उन्हें जद (यू) के राज्य उपाध्यक्ष के रूप में नामित किया गया है।
विज्ञापन
इस मौके पर महतो ने कहा कि पणिकर के शामिल होने से झारखंड में पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आगे कहा, महिला स्वयं सहायता समूहों और अन्य महिला संगठनों से उनका अच्छा जुड़ाव रहा है, जो उन्हें भविष्य में पार्टी में लाने में मदद करेगा।
पार्टी के झारखंड अध्यक्ष महतो ने आगे कहा कि वह राज्य के विभिन्न जिलों का दौर कर महिला समर्थकों को पार्टी से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगी। वहीं पणिकर ने कहा, मैं जद (यू) में इसलिए शामिल हुई हूं, क्योंकि यह मेरी मूल विचारधारा से जुड़ी पार्टी है। मैं झारखंड के युवाओं के लिए काम करना चाहती हूं और यह पार्टी मुझे वह मौका देगी।
विज्ञापन
पणिकर, कंबल खरीद घोटाले के आरोपियों में से एक रही हैं, जो कथित तौर पर पिछली रघुवर दास सरकार के दौरान हुआ था। जुलाई 2020 में हेमंत सोरेन सरकार ने एसीबी को झारक्राफ्ट की पूर्व सीईओ और कुछ अन्य अधिकारियों के खिलाफ कंबल घोटाले के संबंध प्राथमिक जांच शुरू करने के लिए कहा था।
यह घोटाला कथित तौर पर 2017-18 में हुआ था। तब रघुवर दास सरकार ने झारक्राफ्ट (झारखंड सिल्क टेक्सटाइल एंड हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड) से कंबल खरीदने का फैसला किया था। हालांकि, पणिकर ने कंबल घोटाले में अपनी संलिप्तता से इनकार किया था।