झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को चुनाव आयोग ने बुधवार को बड़ा झटका दिया है। चुनाव आयोग ने उनके चुनाव लड़ने पर तीन साल की रोक लगा दी है।
आयोग ने मधु कोड़ा से 2009 लोकसभा चुनाव में किए गए खर्च का ब्योरा मांगा था, जिसका सही ढंग से जवाब न देना उन्हें भारी पड़ गया।
Election Commission disqualifies ex-Jharkhand CM Madhu Koda from contesting polls for 3 years for not properly filing election expenses
— ANI (@ANI) September 27, 2017
आयोग के जारी इस आदेश में मुख्य चुनाव आयोग आयुक्त अचल कुमार ज्योति और चुनाव आयुक्त ओपी रावत के हस्ताक्षर हैं। आयोग ने लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 10 ए के तहत कोड़ा पर यह कार्रवाई की है। बता दें कि कोड़ा 2009 में निर्दलीय सांसद का चुनाव जीते थे।
चुनाव आयोग ने मधु कोड़ा से अक्टूबर 2010 में पूछा था कि लोकसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर प्रचार के लिए राशि खर्च करने के आरोप में क्यों नहीं उनकी सदस्यता रद्द कर दी जाए।
कोड़ा पर आरोप है कि उन्होंने 18,92,353 रुपये चुनाव में खर्च किये और चुनाव आयोग को दिये गये खर्च के ब्योरे में बहुत कम राशि खर्च किये जाने की जानकारी दी।
बता दें कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा कोयला घोटाले के भी आरोपी हैं। मधु कोड़ा का नाम मनी लॉन्ड्रिंग केस में भी आ चुका है और कई सालों तक वो जेल में भी रह चुके हैं। कोड़ा 14 सितंबर 2006 से 23 अगस्त 2008 तक झारखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।