झारखंड की स्टील सिटी जमशेदपुर में हालात उस वक्त बेकाबू हो गए जब एक कार की डिक्की में तीन बछड़े जिंदा मिले। चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने डिक्की में बछड़ों को पाया तो अचानक भीड़ इकट्ठा हो गई। थोड़ी देर में हालात इस कदर बेकाबू हुए कि लोगों ने वहां हंगामा करना शुरू कर दिया।
हंगामा कर रहे लोगों ने कार पर पत्थरबाजी करने लगे और कार में आग लगाने की तैयारी करने लगे। पुलिस ने बिगड़ते हालात पर काबू पाने के लिए भीड़ को वहां से खदेड़ दिया। हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक घटना गोलमुरी पुलिस स्टेशन के एरिया की है, जहां चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने गाड़ी से जानवर की आवाज सुनी।
पढ़ें: गौरक्षकों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- निगरानी के लिए हर जिले में तैनात हों नोडल अफसर
उन्होंने जैसे ही कार की डिक्की खोली तो उसमें तीन बछड़ों को बंधा हुआ पाया, इनमें से एक बछड़ा गंभीर रूप से घायल पड़ा हुआ था, जिसे नजदीकी पशु चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच कर रही है। हालांकि, मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।