धनबाद के मुनीडीह की रहने वाली 32 वर्षीय एक महिला ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने और विरोध करने पर निजी फोटो व वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सरायढेला थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस पीड़िता से प्राप्त शिकायत पत्र के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप
पीड़िता ने सरायढेला थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में हैदराबाद जाने के दौरान उसकी पहचान गांधी नगर निवासी अश्विनी कुमार शर्मा से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने महिला से शादी करने का वादा किया। इसके बाद आरोपी ने महिला को हैदराबाद, मुंबई तथा सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित होटल में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में पीड़िता को जानकारी मिली कि अश्विनी कुमार शर्मा पहले से शादीशुदा है। जब महिला ने इस बात का विरोध किया, तो आरोपी ने अपनी पहली पत्नी से तलाक लेकर उससे शादी करने का भरोसा दिया।
तलाक के कागजात दिखाकर धोखा देना
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने जनवरी 2026 में उसे तलाक से संबंधित कुछ कागजात दिखाकर फिर से भरोसे में लिया। इसके बाद आरोपी ने सरायढेला के एक होटल में ले जाकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी उसे दिल्ली और वृंदावन भी ले गया, जहां विभिन्न होटलों में उसके साथ संबंध बनाए गए। जब पीड़िता को आरोपी के झूठे वादों का एहसास हुआ, तो उसने पूर्व में महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसके कुछ समय बाद आरोपी ने दोबारा संपर्क किया और पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें- बिहार: 48 गांवों में बाढ़ का असर, 24000+ प्रभावित; 33 नाव और बोट एंबुलेंस तैनात, 14 रसोइयों में बन रहे भोजन
ब्लैकमेलिंग और तस्वीरों का प्रसार
पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि अब वह आरोपी से दूर रहने का प्रयास कर रही है, लेकिन आरोपी उसके निजी फोटो व वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर दबाव बना रहा है। पीड़िता का आरोप है कि उसके कुछ निजी फोटो इंस्टाग्राम और वाट्सएप के माध्यम से उसके परिचित लोगों को भेजे जा रहे हैं। पीड़िता ने आरोपी पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सरायढेला थाना की पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले के विभिन्न बिंदुओं की जांच कर रही है।