छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक व्यक्ति ने अपनी बुआ के साथ मिलकर अपनी पत्नी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसने शराब पीने से इंकार कर दिया था। इतना ही नहीं इसके बाद शख्स ने हत्या को आत्महत्या साबित करने के लिए महिला के शव को पेड़ से लटका दिया। बेरहम पति की इतनी हिम्मत हुई की उसने खुद ही पुलिस को कॉल किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी ने सुसाइड कर लिया है।
पोस्टमार्टम से हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक बीते 10 अप्रैल को सिहावा थाना क्षेत्र के पाईकमाठा निवासी रामकुमार आडिल ने फोन कर बताया कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। सूचना प्राप्त करने के बाद पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो उसे शक हुआ क्योंकि महिला के शरीर पर कहीं-कहीं चोट के निशान थे। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद जो रिपोर्ट आई वह चौंकाने वाली थी। रिपोर्ट से पता चला कि महिला की मौत मार-पिटाई की वजह से हुई थी।
शराब पीने से मना करने पर मारपीट
पुलिस से कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि नौ अप्रैल की रात वह और उसकी पत्नी के बीच शराब पीने की बात पर विवाद हुआ। पत्नी शराब पीने से मना कर रही थी। इससे नाराज होकर उसने पत्नी के साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपी की बुआ भी उसका साथ दे रही थी। ज्यादा चोट लगने के कारण कुमारी बाई की मौके पर ही मौत हो गई।