झारखंड में 10 किलोग्राम की शक्तिशाली आईईडी बरामद
सुरक्षाकर्मियों ने झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के एक जंगली इलाके में एक शक्तिशाली इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए प्रतिबंधित भाकपा (माओवादियों) ने ये आईईडी लगाई थी।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान सीआरपीएफ, कोबरा, झारखंड जगुआर और जिला सशस्त्र पुलिस के सुरक्षाकर्मियों ने टोंटो पुलिस थाने की सीमा के भीतर हाथीबुरू और लेमसाडीह गांवों के बीच जंगल के रास्ते में लगाए गए 10 किलोग्राम वजन के आईईडी का पता लगाया। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही आईईडी को निष्क्रिय कर दिया और अभियान जारी रखा। पुलिस ने बृहस्पतिवार को टोंटो और छोटानागरा पुलिस थानों के अंतर्गत आने वाले जंगली इलाकों से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद तथा दो आईईडी बरामद किए, जिनमें से एक का वजन 15 किलोग्राम था।