झारखंड के खूंटी जिले से करीब 30 किमी. दूर मुरहू थाना क्षेत्र के हेठगोवा गांव में साेमवार की रात करीब 8.30 बजे वर्दीधारी हमलावरों ने कूदा पंचायत की मुखिया राधा मुंडू के घर में घुसकर ताबड़ताेड़ फायरिंग की। इस फायरिंग से उनके पिता भाजपा नेता मागाे मुंडा (65), मां लखमनी मुंडू (60) और भाई लिपराय मुंडा (28) की घटनास्थल पर ही माैत हाे गई, जबकि उनकी रिश्तेदार नौरी देवी के कमर में गाेली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मागाे मुंडा भाजपा एसटी माेर्चा के खूंटी जिला कार्यसमिति सदस्य थे। घरवालाें और स्थानीय लाेगाें ने हमलावरों को पहचानने से इनकार किया है। मुखिया राधा मुंडू के अनुसार, उनके पिता भाजपा नेता हाेने के साथ सामाजिक कार्याें से जुड़े थे। आशंका है कि नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के संदेह में उनकी हत्या की है।
जहां घटना हुई वो क्षेत्र पीएलएफआई से प्रभावित है। माओवादी भी इस इलाके में पैठ बनाने की पूरी काेशिश में हैं।
घायल नौरी देवी ने बताया कि रात के साढ़े आठ बजे थे। मैं घर में खाना बना रही थी। उसी वक्त बाहर पटाखे की आवाज आई। मैं देखने बाहर निकली ताे देखा आठ-दस लाेग गाेली चला रहे हैं। हमलावराें ने वर्दी पहन रखी थी। लखमनी मुंडू और मैंने भागने का प्रयास किया। हमलावराें ने लखमनी देवी का पीछा कर उन्हें गाेली मार दी। इसी दाैरान एक गाेली मेरी कमर में लगी और मैं गिर गई। हमलावराें ने मुझे मरा समझकर छाेड़ दिया और चले गए। इसके बाद मैं बेहाेश हाे गई। हाेश आया तो अस्पताल में थी।