पूर्व मुख्यमंत्री के आरोपों पर पलटवार करते हुए झामुमो के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि यह डुमरी की जनता को गुमराह करने की कोशिश है क्योंकि उन्होंने राजग उम्मीदवार को खारिज कर दिया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के समर्थकों ने डुमरी उपचुनाव से पहले उनकी पार्टी के दो कार्यकर्ताओं का अपहरण कर लिया है। हालांकि, झामुमो ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे आधारहीन बताया है।
विज्ञापन
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झामुमो के समर्थकों ने गिरिडीह जिले के जरीडीह में मथुरा सोरेन और जयप्रकाश मंडल का कथित तौर पर अपहरण कर लिया है। झामुमो डुमरी उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार की बढ़ती लोकप्रियता से भयभीत हो गई है। सरकार भय का माहौल बना कर और ताकत के बल पर चुनाव को प्रभावित करना चाहती है।
मरांडी ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर पुलिस महानिदेशक से बात की है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में महिलाओं को धमकाया जा रहा है कि अगर वे राजग उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करती हैं तो उनका राशन कार्ड रद्द कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री के आरोपों पर पलटवार करते हुए झामुमो के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि यह डुमरी की जनता को गुमराह करने की कोशिश है क्योंकि उन्होंने राजग उम्मीदवार को खारिज कर दिया है। डुमरी उपचुनाव के लिए पांच सितंबर को मतदान होगा, जिसके लिए चुनाव प्रचार रविवार शाम पांच बजे समाप्त हो गया।