विभिन्न राज्यों में स्वाइन फ्लू के बढ़ते खतरे को देखते हुये झारखंड में हाइ अलर्ट घोषित कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वाइन फ्लू से निपटने के लिये राज्य के मेडिकल कॉलेज, सदर अस्पताल, पीएचसी और सीएचसी को तैयार रहने के निर्देश दिये गये हैं।
निर्देशों के तहत अस्पतालों को चिकित्सकीय व्यवस्था पुख्ता करने को कहा गया है। स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज की जांच कर आवश्यक इलाज उपलब्ध कराने के लिये कहा गया है।
वहीं स्वाइन फ्लू से निपटने के लिये रिम्स ने भी पूरी तैयारी कर ली है। आइसोलेशन वॉर्ड तैयार कर लिया गया है। रिम्स प्रबंधन ने इस संबंध में माइक्रोबॉयोजलॉजी एवं मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्षों को भी तैयार रहने के लिये कहा है।
साथ ही अन्य राज्यों से आनेवाले मरीजों की जांच के समय पूरी तरह सावधान रहने के निर्देश दिये गये हैं। टेमी फ्लू और रेंजेला की दवाओं की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु उच्च संस्थानों से दवा मंगाने के लिये संपर्क भी किया जा रहा है।
जहां राज्य में हाइ अलर्ट घोषित कर दिया है वहीं एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर इस संबंध में कोई व्यवस्था नहीं की गई है। एयरपोर्ट में बाहर से आनेवाले लोगों की जांच नहीं की जा रही है। साथ ही आइसोलेश कक्ष, मास्क, टोपी, दस्ताने, चश्मा और दवा भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। वहीं रेलवे स्टेशन का भी कुछ ऐसा ही हाल है। यहां भी स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की जांच की कोई व्यवस्था नहीं है।