झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी के बाद अब एनडीए की एक और पार्टी ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने आठों उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो सिल्ली से चुनाव लड़ेंगे। वर्ष 2019 में महतो ने सिल्ली विधानसभा सीट पर 20195 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सीमा देवी को हराया था। वहीं आजसू ने सुनीता चौधरी रामगढ़ से और नीरू शांति भगत लोहरदगा से प्रत्याशी बनाया है।
झारखंड में आजसू को मिली हैं 10 सीटें
सीट बंटवारे के तहत भाजपा झारखंड की 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं आजसू को 10, जदयू को दो और एक सीट लोजपा(आर) को दी गईं हैं। झारखंड विधानसभा की जिन 10 सीटों पर आजसू चुनाव लड़ेगी, उनमें सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, इचागढ़, मांडू, जुगसलिया, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा, मनोहरपुर शामिल हैं। सीट बंटवारे के बाद आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा था कि हम दोनों पार्टियों का बहुत पुराना संबंध है। झारखंड की जनता हमलोगों को साथ देखना चाहती है। राज्य के विकास के लिए और जनता के हित में हमने गठबंधन करने का फैसला किया है। सुदेश महतो ने कहा कि वर्तमान सरकार के कुशासन से झारखंड का हर वर्ग प्रभावित है। हम यहां दलीय समीकरण के रूप में जरूर यहां बैठे हैं। दूसरी ओर गांव-देहात में धरातल पर जनता का समीकरण भी तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के मुखिया ने जो कारनामे किए हैं, उसकी चर्चा देश-दुनिया में हो रही है।
दो चरणों में झारखंड में होगा मतदान
उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में 13 नवंबर और 20 नवंबर को मतदान होगा। वहीं 23 नवंबर को नतीजों का एलान किया जाएगा। पहले चरण में राज्य की 43 विधानसभा सीटों पर और दूसरे चरण में 38 सीटों पर मतदान होगा। झारखंड में एनडीए का मुकाबला झामुमो के नेतृत्व वाली INDIA गठबंधन से होगा, जिसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद शामिल हैं। चुनाव को लेकर सभी दलों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
संबंधित वीडियो