धनबाद जिले में जमीन से निकल रहा है जहरीला धुआं
धनबाद जिले में गोफ फूटने से 5000 लोगों की जान खतरे में है। जमीन अंदर से दहक रही है और जमीन के ऊपर हजारों लोगों की सांसें अटक हुई हैं। गोफ यानि जमीन के अंदर मौजूद कोयला जल रहा है और उसका धुआं बाहर निकल रहा है। कतरास इलाके में बिलबेरा के नजदीक शुक्रवार देर रात जमीन से काला धुआं निकलने लगा।
जमीन के अंदर से निकल रही जहरीली गैस से लोगों में डर समा गया है। घटना की खबर मिलने पर धनबाद के एसडीएम, बाघमारा के बीडीओ, डीएसपी और बीसीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
गौरतलब है कि
झारखंड के धनबाद जिले मे जहां गोफ फूटा है उस इलाके में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) कोयले का खनन करती है। जहरीले धुएं से डरे हुए लोगों में काफी नाराजगी है। घटना के बाद आसपास के गांव के लोग जमा हो गए और बीसीसीएल के दफ्तर का घेराव किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीसीसीएल ने खनन कार्य पूरा करने के बाद गड्ढे में बालू नहीं भरा जिसके कारण यह घटना हुई। गुस्साए लोगों ने कतरास-महुदा रोड पर जाम लगा दिया जिससे यातायात पर असर पड़ा।