जमशेदपुर में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों की अंधाधुंध गोलीबारी में एक युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई।
मौत के विरोध में आज आक्रोशित लोगों ने मानगो में सड़क जाम कर विरोध व्यक्त किया तथा हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी और संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की।
उलीडीह थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर में हुई इस घटना में पहले हमलावरों ने बैजू प्रसाद नामक युवक को गोली मार दी और शोरशराबा सुन कर पास के एक घर में बाहर निकली नवविवाहिता शकुंतला उर्फ बेबी की भी हत्या कर दी।
घटना में घायल एक अन्य युवक सोनू को यहां टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने मानगो में सड़क जाम कर आज प्रदर्शन किया।
उपमंडलीय अधिकारी प्रेम रंजन तथा पुलिस अधीक्षक नगर कार्तिक एस ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाया जिसके बाद जाम हटा लिया गया।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।