फिल्मों को अचानक अलविदा कहने के ‘दंगल गर्ल’ जायरा वसीम के फैसले पर इंटरनेट यूजरों ने हैरानी जताई है कि कहीं युवा अभिनेत्री का सोशल मीडिया अकाउंट हैक तो नहीं हो गया। हालांकि जायरा ने सोमवार को उन दावों को खारिज करते हुए फिल्मी जगत छोड़ने के अपने फैसले को दोहराया।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री ने रविवार को अभिनय की दुनिया को अलविदा कहने की घोषणा करते हुए कहा था कि वह इस काम से खुश नहीं क्योंकि यह उनकी आस्था और धर्म के आड़े आ रहा है।
उन्होंने लोगों से कोई धारणा नहीं बनाने का अनुरोध करते हुए कहा कि वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट को खुद देखती हैं। 18 वर्षीय कश्मीरी अभिनेत्री ने ट्विटर पर लिखा कि 'यह स्पष्ट कर देना चाहती हूं कि मेरा कोई सोशल मीडिया अकाउंट हैक नहीं हुआ है और न ही इससे पहले ऐसा कभी हुआ है क्योंकि इन्हें मैं खुद देखती हूं। कृपया ऐसी अफवाहें फैलाने वाले दावों में यकीन करने और उन्हें साझा करने से बचें। शुक्रिया।'