जम्मू। युवा राजपूत सभा (वाईआरएस) ने वीरवार को विवादित बयान के विरोध में महाराजा हरि सिंह पुल के निकट प्रदर्शन किया। सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए पश्चिम बंगाल के नेता का पुतला फूंका और बयान की कड़ी निंदा की।
बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और सदस्य प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कथित बयान को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए इसे गैर जिम्मेदाराना कहा। उनका कहना है कि ऐसी टिप्पणियां लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं।
युवा राजपूत सभा के अध्यक्ष मनदीप सिंह रिंपी ने पूर्व अध्यक्ष राजन सिंह हैप्पी और विक्रम सिंह विक्की के साथ मिलकर रोष जताया। वक्ताओं ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को सार्वजनिक बयान देते समय जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का परिचय देना चाहिए। सदस्यों ने विवादित टिप्पणियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए भविष्य में भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के सम्मान के लिए आवाज उठाने की बात कही।