घाटी के एक और युवा ने आतंक का दामन थाम लिया है। पिछले कई दिनों से लापता युवक की अब बंदूक के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। जिसके अनुसार दावा किया जा रहा है कि वो अब आतंकी संगठऩ हिजबुल मुजाहिदीन के साथ जुड़ गया है।
जानकारी के अनुसार दक्षिण कश्मीर के अवंतीपोरा इलाके का तौसीफ अहमद पिछले दो दिनों से लापता था। उसके परिजनों ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। बुधवार को अचानक उसकी एक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
इस तस्वीर में उसके हाथों में दो राइफल भी थी। उसमें उसके आतंकी बनने के साथ ही उसका नया नाम अबु तलहा के साथ घर का पता व अन्य तमाम बातें लिखी गई हैं। ये तस्वीर दक्षिण कश्मीर के जंगलों की ही बताई जा रही है।
हालांकि पुलिस की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। वहीं स्थानीय सूत्रों के मुताबिक वो गणित से पोस्ट ग्रेजुएट था। इसके साथ ही उसने बीएड की डिग्री भी हासिल की थी। इस तस्वीर में उसके सक्रिय होने की तिथि 14 मई लिखी गई है।