स्पाइ मोबाइल सॉफ्टवेयर के जरिए मोबाइल फोन हैकिंग के नाम पर युवा फंस रहे हैं। इंटरनेट पर कई सॉफ्टवेयर कंपनियां 12 हजार रुपये के बदले घर बैठे किसी का भी मोबाइल हैक करने का लुभावना ऑफर दे रही हैं। कंपनियां सौ फीसदी हैकिंग का दावा कर रही हैं, शर्त यह है कि पांच मिनट के लिए टारगेट (जिस व्यक्ति का फोन हैक करना है) का फोन अपने हाथ में लेना होगा, ताकि उसके पैनल पर कुछ लिंक भेजकर उन्हें क्लिक किया जा सके।
इस चक्कर में कई लोग हजारों रुपये गंवा चुके हैं। यह कंपनियां ऑफर में कई मोबाइल नंबर डालती हैं। साथ ही इनका बैंक अकाउंट और आईएफएससी कोड भी लिखा होता है। फोन करने पर उठाने वाला स्वयं को कंपनी का एक्जीक्यूटिव बताते हुए हैकिंग की प्रणाली समझाता है। इसमें ज्यादातर लड़कियां होती हैं।
यह कंपनियां पूरा पैसा साथ लेने की जिद नहीं करतीं, बल्कि सॉफ्टवेयर इंस्टालेशन के लिए दो हजार रुपये और इसके बाद बाकी के पेमेंट की सुविधा देती हैं, जिस पर कोई भी व्यक्ति आसानी से भरोसा कर लेता है। यह ज्यादातर कंपनियां बड़े शहरों मसलन दिल्ली, फरीदाबाद, पुणे आदि जगहों से कारोबार कर रही हैं, जिनके चक्कर में रियासत के युवा फंस रहे हैं।