जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में एक 28 वर्षीय युवक पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में चला गया। कस्बा गांव के वार्ड नंबर छह का निवासी शाहिद खान तारबंदी के आगे किरनी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। माना जा रहा है कि उसने दोपहर करीब 3:15 बजे एलओसी पार की।
सूत्रों के अनुसार शाहिद ने किरनी नाले के सीमा पार की और पीओके में स्थित पाकिस्तानी सेना की बोदिया चौकी के पास से होते हुए उस पार चला गया। देर शाम इस घटना की जानकारी मिली तो पुंछ जिला मुख्यालय से पुलिस की एक टीम को किरनी भेजा गया।
पुलिस की टीम किरनी में ही है। युवक के खिलाफ अवैध रूप से सीमा पार करने की पुंछ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। अभी ये स्पष्ट नहीं है कि शाहिद ने अनजाने में एलओसी पार की या जानबूझकर उस पार गया है।
बता दें कि इसके पहले भी पुंछ जिले में ऐसे मामले सामने आए हैं। जिले में नियंत्रण रेखा के पास स्थित ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले कई लोगों के परिवार एवं रिश्तेदार पीओके में रहते हैं। अक्सर ग्रामीण उस पार चले जाते हैं।