- 1600 से अधिक केंद्रों पर हर खास-ओ-आम ने लिया योग से निरोग रहने का संकल्प
- चिनाब आर्च ब्रिज, वंदे भारत के सामने और लाल चौक से डल झील तक योग संगम
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर से लेकर लेह-लद्दाख तक शनिवार की सुबह योग के रंग में रंगे नजर आए। जम्मू-कश्मीर के 1600 से अधिक केंद्रों पर हर खास-ओ-आम ने योग कर निरोग रहने का संकल्प लिया। जम्मू से लेकर कश्मीर संभाग तक, चिनाब आर्च ब्रिज से लेकर वंदे भारत के सामने और लाल चौक से डल झील तक योग संगम का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
विशाखापत्तनम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग अभ्यास शुरू किया, और इधर जम्मू-कश्मीर-लेह में बनाए केंद्रों पर भी प्रशिक्षकों के नेतृत्व में मंत्री, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न संगठनों समेत महिलाओं-बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने योग किया। केंद्रीय मंत्री डाॅ. जितेन्द्र सिंह ने उधमपुर में योग किया। श्रीनगर के लाल चौक तक हजारों लोगों ने योगासन और प्राणायाम कर तन-मन की शुद्धि की। यहां पर मुख्य सचिव अटल डुल्लु भी मौजूद रहें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने लाल चौक पर योग किया। जम्मू में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य समारोह गुलशन ग्राउंड में किया गया। यहां कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा ने सबके साथ मिलकर योग किया।
लेह में केंद्रीय विधि मंत्री रहे मौजूद
लेह में केंद्रीय विधि राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ओपन स्टेडियम के एस्ट्रो टर्फ पर योगाभ्यास किया। एमआईएमसी के अध्यक्ष भिखू संघसेना सहित लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद के चेयरमैन ताशी ग्यालसन, डिप्टी चेयरमैन सेरिंग आंगचुक, मुख्य सचिव डॉ. पवन कोतवाल, पुडुचेरी की पूर्व एलजी किरन बेदी, पर्यटन सचिव विक्रम सिंह मलिक आदि भी मौजूद रहे।
न्योमा में 14 हजार फीट की ऊंचाई पर योग
जम्मू। लद्दाख के न्योमा में 14 हजार फीट की ऊंचाई पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। स्थानीय युवाओं ने योग के साथ ही ध्यान, प्राणायाम भी किया। पैंगोंग लेक, नुब्रा वैली, लद्दाख यूनिवर्सिटी में भी योग पर आधारित कार्यक्रम हुए।