- जालंधर के पहलवान संदीप को धूल चटाई, दंगल में कुश्ती के 65 मुकाबले करवाए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर/रियासी। पंजाब के होशियारपुर के पहलवान छोटा गनी ने सोमवार को छह मिनट तक चले मुकाबले में जालंधर के पहलवान संदीप को हराकर पांचवां तलवाड़ा दंगल का खिताब अपने नाम किया। प्रथम माली मुकाबले के विजेता को 31,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता को 20,000 की राशि मिली।
दंगल कमेटी ने जेएंडके इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन के सहयोग से अध्यक्ष जगदेव सिंह और महासचिव ज्ञान चंद की देखरेख में वार्षिक दंगल का आयोजन किया। जेएंडके स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल के पूर्व संयुक्त सचिव और रेसलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विजेताओं और उपविजेता पहलवानों को 2,75,000 रुपये के नकद पुरस्कार बांटे।
दंगल में कुश्ती के 65 मुकाबले हुए। दूसरा मुख्य मुकाबला अखाड़ा राम अवतार गुरुग्राम के पहलवान उपकार पंडित और नारकोट रियासी निवासी जेएंडके पुलिस के पहलवान सुरजीत के बीच हुआ। यह कु़श्ती 21 मिनट तक चली और मुकाबला बराबरी पर छूटा। दोनों पहलवानों को संयुक्त रूप से 20,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। तीसरा माली का मुकाबला रियासी के मदन सिंह ने जीता। उन्होंने अखाड़ा राम अवतार गुरुग्राम के पहलवान सौरव को हराया। विजेता को 10,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता को 8,000 रुपये मिले।
तीसरी माली का एक अन्य मुकाबला जेएंडके पुलिस के मुन्नेर ने जीता। उन्होंने अखनूर के युवराज को पटखनी दी। विजेता को 10,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता को 8,000 रुपये मिले।
चौथा मुकाबला जेएंडके पुलिस के संजय ने जीता। उन्होंने कोट भलवाल, जम्मू के पहलवान बाबा को हराया। पांचवें मुकाबले में माम हुसैन ने पट्टी के पहलवान सोनी को धूल चटाई। इसी तरह, जेएंडके पुलिस के अमीर खान ने बसंतगढ़ के बबलू को, जेएंडके पुलिस के रंजीत सिंह ने मनवाल के बीएसएफ के अन्यंत को, चैन सिंह ने दिल्ली के विवेक को, कालका अखाड़ा रियासी के बलवान सिंह ने पट्टी के अली को, जेएंडके पुलिस के दिलेर खान ने पहलवान शक्ति को हराया।
दंगल के संचालन में कुलदीप राज, कुलदीप कुमार, मोहम्मद इकबाल, मोहम्मद रफीक, सीता राम, मोहम्मद मुनीर आदि ने सहयोग दिया। गणमान्य में पूर्व बीडीसी चेयरमैन मोहम्मद रफीक, पूर्व सरपंच केवल सिंह और पूर्व सरपंच रवि कुमार उपस्थित रहे।