रियासी में डेरा केसरी दंगल के विजेता पहलवान को सम्मानित करते आयोजक।
- जम्मू-कश्मीर पुलिस के पहलवान सुरजीत को हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। शहीद बाबा बंदा सिंह बहादुर की याद में करवाया गया 32वां वार्षिक डेरा केसरी दंगल गुरु लीलू अखाड़ा लाडपुर हरियाणा के पहलवान सुमित के नाम रहा। दंगल की पहली व बड़ी माली के लिए सुमित का मुकाबला जम्मू-कश्मीर पुलिस के पहलवान सुरजीत के साथ हुआ, जिसमें सुमित ने सुरजीत को पटखनी दी।
विजेता पहलवान को छह हजार रुपये नकद व गदा दी गई और उपविजेता पहलवान को पांच हजार रुपये पुरस्कार के तौर पर मिले। दूसरी माली में जम्मू-कश्मीर पुलिस (जेकेपी) के पहलवान बबलू ने हरियाणा के पहलवान राहुल को हराया। पुरस्कार के तौर पर उसे पांच हजार रुपये मिले। तीसरी माली के मुकाबले में जेकेपी के संजय कुमार ने कालका अखाड़ा के बलवान सिंह को चित किया।
दंगल में कुल 39 छोटी-बड़ी कुश्तियां हुईं। दंगल के दौरान एडीसी राकेश कुमार विशेष मेहमान और एसएसपी परमवीर सिंह मुख्य अतिथि रहे। इसके अलावा डेरा बाबा बंदा बहादुर के गद्दीनशीन बाबा जतिंदर पाल सिंह सोढी, प्रबंधक कमेटी के सदस्य, जम्मू-कश्मीर इंडियन स्टाइल ऑफ रेसलिंग एसोसिएशन के प्रधान शिव कुमार शर्मा, एडिशनल एसपी इफ्तिखार अहमद भी उपस्थित रहे।