विश्व नर्सिंग दिवस पर शहर के विभिन्न अस्पतालों में हुए कार्यक्रमों में नर्सिंग क्षेत्र की जन्मदाता फ्लोरेंस नाइटिंगल को याद किया। उनके जन्म दिवस पर मनाए जाने वाले इस दिवस पर अस्पतालों में मेटरन और अन्य वरिष्ठ नर्सों को क्राउन पहनाकर सम्मान दिया गया। केक काटकर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान रंगारंग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नर्सों ने रंग जमाया। वक्ताओं ने कहा कि 12 मई, 1820 को जन्मी गेल ने मानवता की सेवा के लिए नर्सिंग व्यवसाय को अपनाया, जिसके बाद आज नर्सिंग स्टाफ चिकित्सा जगत में रीढ़ की हड्डी की तरह काम कर रहा है। सुपर स्पेशिल्टी अस्पताल में मेटरन बालमा को क्राउन पहनाकर गेल को याद किया। अधीक्षक डा. रोमेश गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए नर्सिंग स्टाफ सराहनीय कार्य कर रहा है।
समारोह में प्रिंसिपल डा. घनश्याम देव गुप्ता, प्रशासक बबीका रकवाल आदि मौजूद रहे। शहर के अन्य प्रमुख सरवाल अस्पताल में भी विश्व नर्सिंग दिवस की धूम रही। नर्सिंग स्टाफ ने सामान्य तरीके से मरीजों की सेवा करके इस दिवस को मनाया। मोमबत्तियां जलाकर गेल को याद किया गया। इस दौरान सुपरवाइजर लक्ष्मी कपूर, संतोष वसीन आदि मौजूद रहे।
गांधीनगर अस्पताल में मेटरन वैष्णो अबरोल को क्राउन पहनाकर केक काटा गया। अधीक्षक डा. यूनुस चौधरी ने कहा कि नर्सिंग स्टाफ मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने में अहम भूमिका निभा रही हैं। समारोह में उपाधीक्षक डा. दीपक कपूर, डा. सुनीता पूरी आदि मौजूद रहे।
मरीजों की सेवा में नर्सें आगे: लाल सिंह
स्वास्थ्य मंत्री लाल सिंह ने कहा कि मरीजों की फ्रंट लाइन सेवा में नर्सें आगे रहती हैं। गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा देने में नर्सों का फैसला अहम होता है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ के कैडर को बेहतर बनाने के लिए सभी उचित कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी पैरा मेडिकल स्टाफ को फ्लोरेंस नाइटिंगल से प्रेरणा लेकर काम करना चाहिए।
जीएमसी जम्मू में विश्व नर्सिंग दिवस के समारोह में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री ने नर्सिंग एसोसिएशन की मांग पर प्रिंसिपल डा. घनश्याम देव गुप्ता को नर्सों को यूनिफार्म भत्ते में बढ़ोतरी करने पर काम करने के निर्देश दिए। इस दौरान एएमटी स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह में मधु खजूरिया आदि मौजूद रहे।