श्री अमरनाथ यात्रा के सुरक्षा प्रबंधों को लेकर श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन व राज्यपाल एनएन वोहरा ने पुलिस और अर्द्धसैनिक सुरक्षा बलों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करने के बाद राज्यपाल ने उन्हें कई आवश्यक निर्देश भी दिए। सीआरपीएफ के आईजी अतुल करवाल, बीएसएफ (कश्मीर) के आईजी डा. जगत सिंह ने राजभवन पहुंच राज्यपाल को यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रदान करने की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी। उधर, राज्य के पुलिस महानिदेशक के राजिंद्रा ने एक उच्च स्तरीय बैठक कर यात्रा के दौरान तैनात किए जाने वाले पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संख्या की समीक्षा की। उन्होंने उच्च पुलिस अफसरों को यात्रा की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। आवश्यक स्थानों पर संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित करें।
डीजीपी ने कहा कि यात्रा को पुख्ता करते वक्त इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि आम लोगों को इसकी वजह से परेशान और असुविधा न झेलनी पड़ी। यात्रा के चुने गए मार्गों पर यातायात को सुचारु और सरल बनाने पर भी बल दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को जाम की स्थिति से दो-चार न होना पड़े। आम लोगों के साथ मिलकर काम करने को कहा, आम लोगों के सहयोग के बिना सुरक्षा इंतजाम मुमकिन नहीं।
लोगों को श्रद्धालुओं के साथ बेहतर संबंध बनाने होंगे, ताकि यात्रा में कोई बाधा न आए। अधिकारियों ने डीजीपी को जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा के दोनों मार्गों और लखनपुर से लेकर पवित्र गुफा तक पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि संचार नेटवर्क को भी दुरुस्त करने पर काम चल रहा है। दोनों मार्गों पर सभी तरह की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए विभागों से बात करने पर भी बल दिया गया।