- परिजन ने कहा - बुद्धल के एक होटल में खाना खाया था
- तबीयत बिगड़ने पर एक मेडिकल स्टोर में लगाया था इंजेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। रियासी जिले के तूली बन्ना गांव की निवासी रकिया बानो पत्नी गुलाम रब्बानी की मंगलवार रात कोटरंका के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (सीएचसी) में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। मौत के कारणों को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
परिजन के अनुसार रकिया बानो ने बुद्धल स्थित एक होटल में भोजन किया था। इसके कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत खराब होने पर उन्हें दराज इलाके के एक मेडिकल स्टोर ले जाया गया जहां उसे एक इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। फिर रकिया को कोटरंका के अस्पताल में लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
होटल व मेडिकल स्टोर सील
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रारंभिक जांच के तहत एहतियातन बुद्धल के होटल और मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। परिजन ने कंज्यूमर अफेयर्स विभाग पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र के होटलों में घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है जिसकी नियमित जांच नहीं की जाती। मेडिकल स्टोर्स पर अवैध रूप से इंजेक्शन लगाने की प्रथा पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं जो नियमों के खिलाफ है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। एडीसी कोटरंका दिल मीर ने लोगों और परिजन को भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागोें को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं कि होटलों व ढाबों की जांच की जाए।