सीपीआई (एम) के वरिष्ठ नेता और कुलगाम से जीते प्रत्याशी मोहम्मद यूसुफ तारिगामी ने कहा कि भाजपा को समर्थन देना जम्मू-कश्मीर राज्य के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है। वह शनिवार को श्रीनगर में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
तारिगामी ने कहा कि उनका समर्थन उस राजनीतिक दल के साथ है, जिसे भाजपा का समर्थन प्राप्त नहीं होगा। भाजपा की सांप्रदायिक कार्यसूची राज्य की धर्मनिरपेक्षता के लिए एक बहुत बड़ा खतरा है। वह कभी भी भाजपा को अपना समर्थन नहीं देंगे।
तारिगामी ने कहा कि जो भी राजनीतिक दल भाजपा के साथ सरकार बनाने के प्रयास में बातचीत कर रही है, उसे एक बार सोच लेना चाहिए कि भविष्य में राज्य पर इसका क्या असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य के क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को सोच समझकर कदम उठाना चाहिए।
बेहतरी इसमें रहेगी कि सभी क्षेत्रीय दलों को एकजुट होकर नई सरकार का गठन करना चाहिए। यह राज्य के लोगों के हित में रहेगा।