सांबा। जिले के फूलपुर पुलिस नाके पर तैनात एएसआई को कुचलने के बाद पशु तस्कर वाहन को रख बरोटियां की गुर्जर बस्ती में खड़ा कर फरार हो गए। उक्त गुर्जर बस्ती नशा तस्करों व पशु तस्करों की शरण स्थली है।
पुलिस अधिकारियों ने पुलिस थाना प्रभारी घगवाल खलील अहमद को इसकी जांच का जिम्मा सौंपा तो उन्होंने रख बरोटियां से उक्त वाहन को जब्त कर लिया है। बताया गया है कि उक्त वाहन रामनगर के एक व्यक्ति का है। उधर, नाके पर सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगाए गए थे। एक गो रक्षक ने अपना नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि उक्त वाहन में हीरानगर से पशु लादे गए थे। गो रक्षकों ने उनका पीछा किया। पशु तस्कर कच्चे मार्ग का इस्तेमाल कर फूलपुर पहुंच गए। उनके अनुसार वे भी पुलिस के साथ खड़े थे। रात्रि को बिजली गुल थी। इसका पशु तस्करों ने भी लाभ उठाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उन्होंने पशु तस्करों के ठिकानों पर छापामारी शुरू की है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद