जम्मू कश्मीर में मौसम लगातार साफ रहने से पारे में उछाल जारी है। खासतौर पर कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री ऊपर चल रहा है। हालांकि, अभी रात में ठंडक कायम है। जम्मू संभाग के भी अधिकतर हिस्सों में दिन में तपिश बढ़ी है।
उधमपुर में भी पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार साफ बना हुआ है। दिनभर रही निकल रही तेज धूप से अब गर्मी का अहसास होने लगा है। सोमवार से बुधवार तकसुबह से लेकर शाम तक मौसम एकदम साफ रहा और तेज धूप निकली रही।
इससे तापमान में भी बढ़ोतरी महसूस की गई जिससे लोगों को तपिश का भी सामना करना पडा। सुबह की शुरुआत में मौसम सुहावना बन रहा है। शहरवासियों का कहना था आमतौर पर मार्च के अंत में मौसम में बदलाव आता है, लेकिन इस बार लगभग एक महीना पहले से ही मौसम बदल गया है।
बारिश न होने के कारण मार्च माह की शुरुआत में ही गर्मी सताने लगी है। इस साल उधमपुर के साथ लगती नत्थाटॉप, युगधार आदि पहाड़ियों पर नाममात्र की बर्फबारी हुई है, पहले यहां मार्च माह तक यह पहाड़ियां बर्फ से लदी नजर आती थीं, लेकिन इस बार यहां बिल्कुल भी बर्फ देखने को नहीं मिली है।