कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से स्थानीय लोगों को आखिरकार राहत मिली। धूप खिलने से मौसम काफी खुशगवार हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, 17 मई से फिर मौसम के मिजाज बिगड़ सकते हैं। श्रीनगर समेत घाटी के अन्य हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के अलावा घाटी की पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी के कारण घाटी में शीत लहर का प्रकोप महसूस किया जाने लगा था।
स्थानीय लोगों के साथ-साथ कश्मीर घूमने आए पर्यटक भी इससे बचने का पूरा प्रयास कर रहे थे। शुक्रवार को श्रीनगर समेत घाटी के अन्य हिस्सों में भी धूप खिली और मौसम काफी खुशगवार बन गया। इसका स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने काफी लुत्फ उठाया। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोग कश्मीर में चल रहे सुहावने मौसम के चलते काफी खुश हैं। उनके अनुसार, जहां देश भर में पारा आसमान छू रहा है वहीं इस तपती गर्मी से बचने के लिए पर्यटक कश्मीर का रुख कर रहे हैं।
टूर एंड ट्रेवल एजेंसी चलने वाले मुस्तफा के अनुसार, कश्मीर अपनी सुंदरता के लिए काफी प्रसिद्ध है, लेकिन जो एक और चीज पर्यटकों को कश्मीर की ओर आकर्षित कर रहा है वो है यहां का मौसम, जो आजकल काफी खुशगवार बना हुआ है। पर्यटक इसका लुत्फ उठाने के लिए कश्मीर पहुंच रहे हैं। मुस्तफा के अनुसार, आने वाले दिनों के लिए अच्छी खासी बुकिंग हो रही है और उन्हें उम्मीद है कि पिछले वर्ष का रिकॉर्ड टूटेगा।
श्रीनगर के तापमान की अगर बात करें तो अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही खुशगवार बना रहेगा, लेकिन 17 मई से फिर से मौसम के मिजाज बिगड़ सकते हैं। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 17 मई की शाम से घाटी के ऊपर एक बार फिर से पश्चिमी दबाव बनना शुरू होगा, जिसके कारण फिर से बारिश होने की संभावना है।