कई पेड़ टूटकर सड़कों पर गिरे यातायात हुआ प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। जिले में पिछले दो दिनों से जारी भारी बारिश के बीच शुक्रवार देर शाम को तेज हवाओं और आंधी ने तबाही मचा कर रख दी। तेज हवाओं ने जिले की मंडी तहसील में गांव चकतरो में पुलत्स्य नदी पर बना झूला पुल पलट कर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे नदी के उस पार बसने वाले करीब आधा दर्जन गांव का अन्य क्षेत्रों से संपर्क कट गया है।
वहीं तेज हवाओं से पुंछ नगर के साथ ही पुंछ मंडी मार्ग पर कई पेड़ टूट कर गिर गए। इससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो कर रह गया। पेड़ गिरने के बाद पुलिस ने करीब दो घंटे बाद पेड़ों को सड़कों से हटाकर यातायात बहाल किया। जानकारी के अनुसार कल की ही तरह आज भी सुबह से जिले में जारी भारी बारिश के बीच देर शाम करीब पांच बजे अचानक चलने वाली तेज हवाओं और आंधी के चलने लगी। इस दौरान पुंछ मंडी मार्ग पर स्थित गांव चकतरों में पुलत्स्य नदी पर बना लोहे का झूला पुल पलट कर क्षतिग्रस्त हो गया। पुल के क्षति होने के तत्काल बाद पुलिस चौकी चकतरो के प्रभारी अशफाक अहमद पुलिस दल को साथ लेकर मौके पर पुल के उस पार जाने के लिए मौजूद लोगों को वहां से हटाने के साथ ही पुल को कंटीली तारों से बंद कर दिया। साथ ही एक जवान को लोगों को पुल की तरफ आने से रोेकने के लिए तैनात कर दिया। इस बीच चकतरों में पुंछ मंडी मार्ग पर एक चिनार का पेड भी टूट कर गिर गया। जिससे मार्ग बाधित हो गया। जिसे पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से सडक से हटवा कर मार्ग पर यातायात बहाल किया। तेज हवाओं ने पुंछ नगर में पुलिस लाइन के पास भी यूकलिपटस के दो पेड़ सड़क पर गिर गए। इससे सड़क बंद हो गई इस घटना के बाद पुलिस ने बारिश के बीच कडे प्रयासों से पेड कटवा कर यातायात बहाल करवाया। झूला पुल क्षतिग्रस्त होने को लेकर अहमद अली,अकबर हुसैन,मोहम्मद रफी और जावेद अहमद ने जिला प्रशासन से पुल की जल्दी मरम्मत करवाने की मांग की है। इस झूले पुल से हर दिन गांव केनू,कलानी, चकतरो,सेढी, फतेहपुर,धड़ा के हजारों लोग और स्कूली बच्चों आवाजाही करनी पड़ती है। उस पार के गांव तक पहुंचने के लिए लोगों को 5 से 6 किलोमीटर पैदल आवाजाही करनी पड़ेगी।