जम्मू। प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि जून के आखिरी सप्ताह में मानसून दस्तक दे सकता है। 21 से 25 जून के बीच प्री-मानसून की बारिश लगातार होने के आसार हैं।
जम्मू संभाग में 22 जून को कुछ हिस्सों में भारी बारिश व 60 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। कश्मीर के पारे में फिर उछाल आया है, जबकि जम्मू संभाग में अभी राहत बनी है। श्रीनगर में बुधवार को दिन का पारा सामान्य से 4.1 डिग्री चढ़कर 32.5 और न्यूनतम 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दिन भर मौसम साफ रहने से तपिश का अहसास हुआ। पहलगाम में अधिकतम तापमान 27.0 और गुलमर्ग में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू में दिन की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई, लेकिन दोपहर को तीखी धूप में पसीने छूटे। बुधवार को आद्रता का प्रतिशत 62 दर्ज किया गया। यहां दिन का पारा सामान्य से थोड़ा गिरकर 37.6 व न्यूनतम 25.3 डिग्री दर्ज किया गया। बनिहाल में अधिकतम तापमान 29.4 और कटड़ा में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ब्यूरो