जम्मू। जम्मू-कश्मीर में प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच मौसम विभाग ने राहत के संकेत दिए हैं। नौतपा के असर से सोमवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 38.1 से 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पूरे दिन तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मुख्तार अहमद के अनुसार रविवार को आंशिक बादलों से मिली राहत के बाद पारे में 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। विभाग ने 27 मई तक यलो अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों और श्रीनगर के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
नौ दिन तक पारा 43 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। साथ ही लू चलने की संभावना है। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 से शाम चार बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। बेहद जरूरी होने पर ही सिर ढंककर और पानी की बोतल साथ लेकर बाहर जाएं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि लू लगने पर उल्टी, चक्कर, तेज बुखार और बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच करवाएं। वहीं नगर निगम की ओर से टैंकरों के जरिये पानी का छिड़काव किया जा रहा हैं।
जरूरी उपाय
दिनभर 4-5 लीटर पानी, नींबू पानी, छाछ या लस्सी पीएं। सूती, ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनें। सिर ढंककर बाहर निकलें। छाता, टोपी या गमछे का इस्तेमाल करें। बाहर के कटे फल और तली-भुनी चीजे खाने से बचें। लू लगने पर तुरंत छांव में लेट जाएं। शरीर पर गीली पट्टी रखें और डॉक्टर से संपर्क करें।
घटता और बढ़ता तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
तारीख
अधिकतम तापमान
16 मई
37.1
17 मई
40.0
18 मई
41.1
19 मई
41.1
20 मई
42.0 (सीजन का सबसे गर्म दिन)
21 मई
41.5
22 मई
39.0
23 मई
39.9