जम्मू। भीषण गर्मी से हर कोई बेहाल है। गर्म हवाएं शरीर को झुलसा रही हैं। जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने से तपिश ने जोर पकड़ा है। जम्मू में सोमवार को दिन का तापमान फिर 40 डिग्री से पार चला गया। कश्मीर में भी पारे में उछाल आया है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी। जुलाई के पहले सप्ताह कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं, लेकिन लगभग मौसम साफ रहेगा। जम्मू में सोमवार की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। सुबह से ही धूप ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया। दिन चढ़ने के साथ तपिश में भी बढ़ोतरी होती चली गई। दोपहर को तीखी धूप में बाहर निकलना मुश्किल हो गया। भीषण गर्मी से कई सड़कों पर तारकोल पिघल रहा है। बाजारों में खरीदारों की भीड़ कम हुई है। जम्मू में सोमवार को दिन का तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री चढ़कर 40.2 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू संभाग के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री तक ऊपर चल रहा है। कटड़ा में दिन का पारा सामान्य से 4.2 डिग्री चढ़कर 36.4, बनिहाल में 31.6, बटोत में 30.4, भद्रवाह में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में दिन का पारा 26.3, कारगिल में 26.4 और श्रीनगर में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।