कुछ दिन पहले गर्मी का अहसास करवाने वाले मौसम ने मंगलवार को फिर मिजाज बदल लिया। शहर और आसपास के इलाकों में दिनभर रुक रुक कर बारिश होती रही। हालांकि देर शाम को मौसम साफ हो गया। लेकिन बुधवार से अगले 72 घंटों के लिए भारी बारिश की संभावना से पारे में ज्यादा गिरावट आएगी। बारिश से जनजीवन पर असर रहा।
मंगलवार सुबह की शुरुआत बादलों के साथ हुई। लेकिन दिन चढ़ने के साथ इंद्रदेव भी मेहरबान दिखे। दोपहर को कई इलाकों में तेज और हल्की बारिश होती रही। बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति रही।
पिछले चौबीस घंटों में जम्मू में 3.6 मिलीमीटर बारिश के साथ मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पारे में गिरावट से फिर सर्दी का अहसास हुआ है। देर शाम को ठंडी हवाएं चलती रहीं। कटड़ा में 6.6 मिलीमीटर बारिश हुई। संभाग में बटोत में सबसे अधिक 17.8 मिलीमीटर बारिश हुई। आगामी मौसम में तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।