राजोरी में सुबह से आसमान पर बादलों का डेरा बना हुआ है। हालांकि क्षेत्र में उमस और गर्मी का असर अभी भी महसूस किया जा रहा है। वहीं जम्मू के बनतालाब-नगरोटा क्षेत्र में सुबह से लगातार बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कई स्थानों पर सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
जम्मू शहर में भी सुबह से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। मिश्रीवाला क्षेत्र में सुबह बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। फिलहाल वहां मौसम साफ है। रियासी में भी सुबह से हल्की बारिश जारी रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
उधमपुर जिले के नत्थाटाप की ऊंची चोटियां घने कोहरे और धुंध की चादर में लिपटी रहीं। धुंध के कारण पहाड़ों का नजारा पूरी तरह बदल गया और क्षेत्र के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह चिनैनी से सटी ऊंची पर्वतीय श्रृंखलाएं भी धुंध में पूरी तरह ओझल हो गईं, जिससे मौसम खुशनुमा बन गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
दूसरी ओर श्रीनगर में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और दिनभर तेज धूप खिली हुई है।
इस बीच, देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के टंगमर्ग स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल द्रंग पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरा है। ठंडे मौसम, कल-कल बहते झरनों, हरे-भरे मैदानों और शांत वातावरण के कारण बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। पर्यटक द्रंग की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हुए गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, जिससे क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।