जम्मू-कश्मीर में मौसम बदलने से लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार अगले 48 घंटों में जम्मू और कश्मीर के कई हिस्सों में हल्की और तेज बारिश होगी। मौसम के बदले मिजाज का असर लद्दाख क्षेत्र में भी दिखेगा। 3-4 मई को भी मौसम में बदलाव रहेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री नीचे चल रहा है।
श्रीनगर में शुक्रवार देर शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई थी। कश्मीर के सभी जिलों में मौसम अभी सुहाना बना हुआ है। यहां दिन का पारा 19 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। लेकिन जम्मू में शुक्रवार को पारे में फिर उछाल आया। दिनभर मौसम साफ रहने से तापमान 35.6 डिग्री तक पहुंच गया है। गर्मी के साथ तपिश का बाजार की खरीदारी पर असर दिख रहा है।
गर्मी के बीच बिजली की अघोषित कटौती आग में घी डालने का काम कर रही है। तपिश बढ़ने से लोग पर्यटक स्थलों का रुख कर रहे हैं। आगामी दिनों में मौसम खराब रहने की सूरत में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है। बारिश के दौरान रामबन और बनिहाल के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन और गिरते पत्थर चुनौती बने हुए हैं। इस सीजन अभी तक हाईवे पर दो तरफा यातायात बहाल नहीं हो पाया है।
शुक्रवार को श्रीनगर से जम्मू के लिए एकतरफा छोटे बड़े वाहनों को छोड़ा गया। रियासत में अप्रैल माह में निरंतर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते रहे हैं। हालांकि अप्रैल के मध्य में जम्मू का पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।