नए साल के शुरू में 3-5 जनवरी तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। इसमें चार और पांच को राज्य के तीनों खित्तों में अधिकतर स्थानों पर बारिश होगी। इस बीच खून जमा देने वाले लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 16.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
कारगिल माइनस 14.6 डिग्री पारे के साथ दूसरे नंबर पर रहा। मौसम साफ रहने के कारण हालांकि कश्मीर और जम्मू संभाग के सभी हिस्सों में दिन का पारा सामान्य से ऊपर चल रहा है।
कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रात का पारा गिरा है। लेकिन दिन के तापमान में उछाल जारी है। रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में वीरवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यहां रात का न्यूनतम तापमान माइनस 4.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सीजन की सर्द रात बीती। श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में दो डिग्री अधिक 8.3, विश्व विख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में एक डिग्री अधिक 4.2 डिग्री, लेह में 3.7 और कारगिल में 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शीतकालीन राजधानी जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 23.4, श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में चार डिग्री अधिक 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। नए साल पर पर्यटकों को बर्फबारी का मलाल रहा। मगर आगामी दिनों में मौसम खराब होने पर बर्फबारी हो सकती है।
स्थान न्यूनतम तापमान
लेह माइनस 16.3
कारगिल माइनस 14.1
गुलमर्ग माइनस 7.6
पहलगाम माइनस 6.7
श्रीनगर माइनस 4.0