सांबा। कस्बे के हाईवे के किनारे पर वीर भूमि पार्क बनाया गया है। इसमें सुबह शाम काफी संख्या में लोग सैर के लिए पहुंचते हैं। पार्क में गत छह माह से ट्यूबवेल की मोटर जलने से पानी का संकट बना हुआ है।
इसका जिम्मा फ्लोरीकल्चर विभाग को सौंपा गया है। यहां सुबह शाम सैर करने वाले लोगों को पानी की किल्लत से परेशान होना पड़ रहा है। वहीं पार्क में लगाए गए फूल तक मुरझाने लगे हैं। स्थानीय निवासी जगदीप सिंह, गीता देवी व शिफाली ने कहा कि वे लोग पार्क में सैर करने के लिए आते हैं लेकिन यहां पानी की व्यवस्था नहीं है। वाटर कूलर शोपीस बनकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पता चला है कि गत छह माह से ट्यूबवेल की मोटर जल गई है लेकिन आज तक मरम्मत ही नहीं करवाई गई है। इससे पार्क में लगाए गए फूल भी मुरझा रहे हैं। इसके लिए विभाग की ओर से भी कोई उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना था कि यदि विभाग मोटर नहीं लगा सकता है तो पार्क को स्थानीय लोगों के हवाले किया जाए। वह स्वयं ही पार्क की देखभाल करेंगे। उनका कहना है कि बलिदानी वीरों के नाम पर बनाए गए पार्क की हालत देखकर मायूसी होती है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों से मांग उठाई है कि पार्क में लगे ट्यूबवेल की मोटर की शीघ्र मरम्मत करवाई जाए ताकि यहां आम लोगों को पानी की सुविधा मिले ताकि पार्क में लगाए गए फूलों को बचाया जा सके।
..............
हमने अपने विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया है। एक बार मोटर की मरम्मत करवाई थी। वह दोबारा जल गई है।
-मोहम्मद शरीफ
इंचार्ज वीर भूमि पार्क सांबा