जम्मू शहर में गर्मी में लोगों को प्यास बुझाना मुश्किल हो रहा है। खराब वाटर कूलरों के कारण दिक्कतें बढ़ गई हैं। लापरवाही इस कदर तक है कि फरवरी से टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसी तरह वाटर एटीएम भी शोपीस बन गए हैं। फरवरी से मार्च के बीच पहले चरण में 30 लाख से 15 वाटर एटीएम लगाए गए। तीन चरणों में 45 लगने है। अप्रैल के पहले सप्ताह में सुविधा देने का दावा किया था।
ऐसे में दो चरणों में काम अगले सीजन में भी पूरा हो पाना असंभव लग रहा है। इस्तेमाल न होने के कारण वाटर एटीएम के स्टेबलाइजर कुछ दिन पहले चोरी हो गए थे। इस कारण लोहे के जंगले से इन्हें कवर करने का फैसला लिया था। मगर हालात ऐसे हैं कि नगर निगम अब तक बिजली कनेक्शन नहीं ले पाया।
नतीजन, लोगों को ठंडा पेयजल नहीं मिल रहा। मौजूदा समय में 290 से ज्यादा वाटर कूलर हैं। 120 से ज्यादा कूलर खराब कूलर खराब है। 15 वाटर कूलर बीसी रोड, डोगरा चौक, तालाब तिल्लो, इंदिरा मार्केट, नरवाल, वेयरहाउस, कुंजवानी सहित अन्य जगहों में लगे हैं। सभी की टंकी में एक बूंद तक पानी नहीं है। पर्यटन क्षेत्र के लिहाज से हर रोज शहर में हजारों सैलानी आते हैं। पानी की सुविधा न मिल पाने के कारण लोगों को प्यास बुझाने के लिए बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है।
मीट मार्केट में दो माह बाद भी नहीं लगा वाटर कूलर
मोती बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदन गुप्ता ने कहा कि मीट मार्केट में वाटर कूलर दो साल से खराब था। कुछ माह पहले नगर निगम उसे ठीक करने के लिए ले गया। अभी तक वापस लग नहीं पाया। लोग परेशान हो रहे हैं। बस स्टैंड ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव राजन गुप्ता ने कहा कि बस स्टैंड में वाटर कूलर तो लगा है, मगर चलता नहीं है। जल्द ठीक करवाया जाए ताकि लोगों को पानी की सुविधा मिल सके। इसके अलावा वाटर कूलर के चारों ओर से गंदगी हटाई जाए।
वाटर कूलर के लिए टेंडर फाइनल नहीं हो पाए। जैसे ही होंगे, मरम्मत शुरू कर दी जाएगी।
- अरुण खन्ना, चेयरमैन, हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी एवं पीएचई।
जल्द ही सेवा बहाल की जाएगी। औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। लोगों को ठंडा पेयजल मिलेगा।
-परविंदर कौर, सचिव, नगर निगम।
बिजली कनेक्शन देने के लिए प्रक्रिया जारी है। जून के पहले सप्ताह तक बिजली कनेक्शन मुहैया करवा दिए जाएंगे।
-राजेश शर्मा, एक्सईएन, बिजली कारपोरेशन।