बिश्नाह की नहर की हो रही सफाई, जल्द मिलेगा किसानों को पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। इन दिनों कस्बे की नहर की सफाई का कार्य चल रहा है। सफाई होने के बाद विभाग नहर में पानी छोड़ेगा। क्षेत्र के किसान रमन शर्मा, तरसेम लाल, दर्शन लाल, राम लाल, आदि का कहना है कि नहर की सफाई न होने से खेतों तक पानी नहीं पहुंचता था। किसानों को सिंचाई का पानी नहीं मिलने से फसलों को नुकसान होता था, और किसानों को खेतों में मोटर लगवानी पड़ती है। अब नहर की सफाई से आशा है कि इस बार पानी खेतों तक पहुंचेगा।
कोटली मियां फतह, पिर्थपुर, नोग्रा, सिकंदरपुर, आदि गांवों को वर्षों से नहरी पानी नसीब नहीं हो रहा। स्थानीय किसान शाम लाल, यश पाल शर्मा, बिशन दास, आदि का कहना है कि खेतों तक नहरी पानी न पहुंचने के चलते स्थानीय लोगों में सिंचाई विभाग के प्रति भारी रोष है। संबंधित विभाग को कई बार सूचित भी किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। नेताओं को भी बताया, लेकिन वहां से सिर्फ आश्वासन मिले। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस बार नहर की सफाई अंतिम छोर तक की जाए, ताकि उन्हें भी नहर का पानी मिल सके।
सफाई के दौरान निकली जा रही सिल्ट को साथ ही साथ उठाने की भी मांग किसान कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि संबंधित विभाग को चाहिए कि सफाई में निकले मलबे को कहीं और फेंका जाए। विभाग नहर का मलबा सड़कों के किनारे फेंक देता है, जिससे धूल उड़ती है।
-
नहर से मलबा निकालकर नहर के किनारे इसलिए रखा जाता है, ताकि कोई नहर के किनारे अतिक्रमण न करे। कस्बे में नहर का निकला गया मलबा ट्रॉलियों में भरकर दूसरे स्थानों पर फेंका जाएगा। नहर की सफाई का कार्य दिन रात चल रहा है। जल्द ही नहर को साफ कर दिया जाएगा, और जल्द ही किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा।
- गुरनाम सिंह, एईई, सिंचाई विभाग